चंदौली में चहनियां के बलुआ थाना क्षेत्र के सेवई के पूरवा गांव में ईंट भट्ठे पर सोए मुंशी सरजू यादव (62) की सिर कूंच कर हत्या कर दी गई। सरजू यादव रोज की तरह ईंट भट्ठे पर बने कच्ची मड़ई में सो रहा था। दूसरे दिन मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर एसपी हेमंत कुटियाल व एएसपी प्रेमचंद के अलावा पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। हत्या के पीछे कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
सेवई के पूरवां गांव का सरजू यादव लगभग 15 साल से गांव के ही रणजीत सिंह के ईंट भट्ठे पर मुंशी का काम करता था। सरजू यादव रोज रात को ईंट भट्ठे पर ही सोने जाता था। वह सोमवार की रात भी खाना खाने के बाद घर से भट्ठे पर सोने चला गया। देर रात चारपाई पर सोते समय ही अज्ञात हमलावरों ने ईंट से ताबड़तोड़ सिर पर वार कर मौत के घाट उतार दिया।
दूसरे दिन मंगलवार की सुबह सरजू यादव के घर नहीं पहुंचने पर बेटा बलवंत ईंट भट्ठे पर पहुंचा। चारपाई पर खून से लथपथ पिता का शव देख दहाड़े मार कर रोने लगा। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गए। घटनास्थल पर एसपी हेमंत कुटियाल, एएसपी प्रेमचंद, सीओ भुवनेश्वर चिकारा, थाना प्रभारी सतेंद्र यादव समेत पुलिस व फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। घटनास्थल पर खून से सने चार-पांच ईंट मिले हैं। सरजू यादव की हत्या के बाद पत्नी जगवंती देवी, पुत्र बलवंत यादव, बहू संजू देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा।
सीओ भुवनेश्वर चिकारा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया दिया गया है। सरजू यादव के पुत्र बलवंत यादव की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।