मरकच्चो (कोडरमा): मरकच्चो थाना क्षेत्र के मध्य पंचायत स्थित पासवान टोला निवासी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद आसपास क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई है। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रशासन व मरकच्चो थाना पुलिस हरकत में आ गई।
रविवार की सुबह बीडीओ शुकेसिनी केरकेट्टा, अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद, मुखिया अशोक कुमार दास, थाना प्रभारी उत्तम कुमार वैध दुर्गा मंडप चौक स्थित पासवान टोला पंहुचे तथा दुर्गा मंडप चौक से पासवान टोला जाने वाली सड़क को सील कर दिया। वही पश्चिम मुहल्ला की तरफ से भी आने वाली सड़क को प्रदीप सिंह के घर के पास सील कर कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया।
वहीं पासवान टोला स्थित पॉजिटिव मरीज का घर के आसपास सैनिटाइज कर दिया गया है। पॉजिटिव मरीज कोलकाता में कॉरपोरेशन में काम करता था। एक सप्ताह पूर्व छोटी गाड़ी से मरकच्चो आया था। जानकारी के अनुसार उनके परिजन उनका इलाज मरकच्चो के निजी क्लिनिक में भी कराए थे।
इस संबंध में बीडीओ शुकेसिनी केरकेट्टा व अंचलाधिकारी रामसुमन प्रसाद ने बताया कि पासवान टोला को दोनों तरफ से सील कर दिया गया है। हाई रिस्क कॉन्टेक्ट में रहने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर होम क्वारंटाइन में रहने को कहा गया है। सभी को जांच के लिए कोडरमा भेजा जाएगा।